पंजाब में स्थिति सामान्य नहीं : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने कहा है कि पंजाब में स्थिति सामान्य नहीं है लेकिन सरकार को उम्मीद है कि वहां जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
बतौर गृह मंत्री अपनी दूसरी पारी आरंभ करने के पहले ही दिन पत्रकारों से चर्चा में चिदम्बरम ने कहा, "पंजाब में स्थिति बहुत सामान्य नहीं है। राज्य सरकार ने कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है लेकिन मैं टेलीविजन पर देख रहा था कि कर्फ्यू का कोई प्रभाव नहीं है।"
उन्होंने कहा, "कर्फ्यू राज्य सरकार ने लगाया है। कर्फ्यू लगाना राज्य सरकार पर निर्भर करता है। मुझे उम्मीद है कि राज्य में हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे।"
गृह मंत्री ने कहा कि अर्धसैनिक बलों की 11 कपंनियां पंजाब पहले ही भेजी जा चुकी है। जरूरत पड़ी तो हम और भी सुरक्षा बलों को भेजने को तैयार हैं। हमने राज्य सरकार को हेलीकाप्टर भी मुहैया कराने का प्रस्ताव रखा है।
उन्होंने कहा, "पंजाब में जो कुछ हो रहा है वह विएना में रविवार को हुई हिंसक घटना की प्रतिक्रिया है। विएना में जो हुआ वह हमारे वश में नहीं था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications