पश्चिम बंगाल में तूफान से 12 मरे, सेना बुलाई गई (लीड-1)
अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठे 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति वाले इस तूफान ने दिन में 11 बजे के आसपास कोलकाता में दस्तक दी। इससे बड़ी संख्या में पेड़ गिर और सड़कों में गढ्ढे पड़ गए और जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। यहां पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए।
राज्य के 24 परगना जिले में छह लोगों की मौत हो गई। जिले के पाथरप्रतिमा, कुलताली और सागरडीह ब्लॉक से करीब 40,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा गया है। इस बीच रेल सेवाएं बुरी तरह बाधित हुई हैं।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गोसाबा, पाथरप्रतिमा और कुलताली जैसे इलाकों में मदद के लिए सेना बुला ली गई है। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में हालत बहुत खराब है।
राज्य के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने परिस्थितियों का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि बचाव कार्यो के लिए सेना बुलाई गई है।
पुलिस उपायुक्त (जासूसी विभाग) जावेद शमीम ने आईएएनएस को बताया कि आपात परिस्थतियों के लिए नौकाओं को तैयार रखा गया है ताकि निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications