नेपाल में 3 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने शपथ ली (लीड-2)
काठमांडू, 25 मई (आईएएनएस)। कम्युनिस्ट नेता माधव कुमार नेपाल के नेतृत्व में सोमवार को तीन सदस्यीय मंत्रिमंडल ने शपथ ली। प्रधानमंत्री ने पारंपरिक नेपाली पोशाक में शपथ ली। उधर, उनके विरोधियों ने चेतावनी दी है कि नई सरकार तीन महीने में गिर जाएगी।
राजनीति में आने से पहले एक बैंक में कैशियर रहे माधव कुमार अब पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' के बाद गणतांत्रिक नेपाल के दूसरे प्रधानमंत्री हैं। उनके सामने अगले वर्ष तक नए संविधान के निर्माण का काफी कठिन कार्य है।
माधव कुमार नेपाल को राष्ट्रपति भवन में स्थानीय समयानुसार सुबह 11.10 बजे राष्ट्रपति रामबरन यादव ने शपथ दिलाई।
अपने पूर्ववर्ती प्रचंड की तरह ही नेपाल ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ नहीं ली। उन्होंने केवल इतना कहा, "मैं शपथ लेता हूं।"
इसके बाद मंत्रिमंडल के दो अन्य सदस्यों सुरेंद्र पांडे और विद्या देवी भंडारी को शपथ दिलाई गई। दोनों मंत्री उनकी ही पार्टी नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी (यूएमल) के सदस्य हैं।
सुरेंद्र पांडे को नया वित्त मंत्री और बिद्या देवी भंडारी को रक्षा मंत्री बनाया गया है। बिद्या देवी यूएमएल के करिश्माई नेता मोहन भंडारी की पत्नी हैं, जिनकी वर्ष 1993 में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।
शपथ ग्रहण समारोह में राजनेता, राजनयिक एवं वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ ही सेना प्रमुख रुकमंगद कटवाल भी मौजूद थे।
मंत्रिमंडल के शपथ लेने के साथ हुए सबसे पहले बदलाव के तहत अटार्नी जनरल राघव लाल बिद्या ने अपना इस्तीफा सौंप दिया।
सरकार के दो सहयोगी दल नेपाली कांग्रेस और मधेशी जनाधिकार फोरम अभी तक अपने मंत्रियों के नामों की सूची को अंतिम रूप नहीं दे पाए हैं। फोरम में तो नई सरकार में शामिल होने के मुद्दे पर आतंरिक मतभेद हैं।
माओवादी पार्टी ने नई सरकार को भारत की कठपुतली बताते हुए कहा कि इसके दिन गिनती के हैं।
वरिष्ठ माओवादी नेता बाबूराम भट्टराई ने कहा कि यूएमएल के नेतृत्व वाली सरकार तीन महीने से अधिक नहीं चलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications