सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार का रुख मिलाजुला (राउंडअप)
सेंसेक्स में सोमवार को टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं, रियल्टी, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं और धातु आदि सेक्टरों के सूचकांकों ने बढ़त में कारोबार किया जबकि प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजली आदि सेक्टरों के सूचकांकों ने गिरावट में कारोबार किया। टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के सूचकांक में 4.79 फीसदी और रियल्टी सूचकांक में 4.25 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले 100.95 अंकों की बढ़त के साथ 13,988.10 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 26.07 अंकों की बढ़त के साथ 13,913.22 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स ने आज 14,028.06 के उच्चतम और 13,819.25 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक सोमवार को भारी बढ़त पर बंद हुए। मिडकैप सूचकांक 134.47 अंक उछलकर 4,890.15 के स्तर पर और स्मालकैप सूचकांक 276.27 अंकों के उछाल के साथ 5,789.43 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पिछले बंद के मुकाबले सोमवार को 0.40 अंकों की गिरावट के साथ 4,238.10 के स्तर पर खुला। निफ्टी भी पिछले बंद के मुकाबले 0.95 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 4,237.55 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी ने आज 4,270.05 के ऊपरी और 4,205.10 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications