हिज़बुल्ला का हरीरी की हत्या से इनकार

जर्मनी की एक पत्रिका डेर स्पीगल में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक़ संयुक्त राष्ट्र के जाँचकर्ताओं को अब ये विश्वास है कि हिज़बुल्ला ही हरीरी की हत्या में शामिल था.
मगर हिज़बुल्ला की ओर से जारी एक बयान के अनुसार ऐसी रिपोर्ट जानबूझकर उस समय निकाली गई है जब जून में लेबनान में चुनाव होने वाले हैं.
जर्मन पत्रिका के अनुसार वर्ष 2005 में हुई हरीरी की हत्या के संबंध में संयुक्त राष्ट्र के जाँचकर्ताओं को कुछ नए सबूत मिले हैं जिनके मुताबिक़ हिज़बुल्ला ने ही उस हत्या की योजना बनाई थी और उसे अंजाम दिया था.
हिज़बुल्ला के अनुसार ये रिपोर्ट मनगढ़ंत है जबकि संयुक्त राष्ट्र ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र का आयोग कहता रहा है कि हरीरी की हत्या के मामले में सबूत सीरियाई और लेबनानी ख़ुफ़िया एजेंसियों की ओर इशारा करते हैं.
उधर जून में होने वाले चुनाव से पहले लेबनान में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है जहाँ मुक़ाबला हिज़बुल्ला के नेतृत्त्व वाले गठबंधन का मुक़ाबला अमरीका से समर्थन प्राप्त दल से है.
उस दल का नेतृत्त्व रफ़ीक़ हरीरी के पुत्र साद हरीरी के पास है.


Click it and Unblock the Notifications