नेपाल में चर्च में विस्फोट, 2 मरे

गिरजाघर में सुबह की प्रार्थना के दौरान हुए इस विस्फोट में मरने वालों में एक भारतीय किशोरी तथा नवविवाहित स्त्री शामिल थी जो अपने पति और कुछ परिजनों के साथ नेपाल यात्रा पर आई थी। नेपाली संसद शनिवार को ही देश के नए प्रधानमंत्री का चुनाव करने जा रही है और इस वारदात के बाद हिंसा की घटनाओं में इजाफा होने की आशंका बढ़ गई है।
बिहार की राजधानी पटना निवासी दीपा पैट्रिक (30) अपने पति विकास पैट्रिक और उसकी दो बहनों के साथ चार दिन पहले नेपाल आई थी। उन्हें आज दोपहर पटना लौटना था लेकिन उससे पहले उन्होंने गिरजाघर जाने का निश्चय किया जहां वह हादसे की शिकार हो गई।
दीपा का पति विकास और उसकी रिश्ते की दो बहनें घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। विस्फोट में पटना की ही रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी शेलेसी जोसफ की मौत हो गई। वह स्थानीय सेंट मैरीज स्कूल में पढ़ती थी।
विस्फोट में बाल-बाल बचे सन बहादुर तमांग ने आईएएनएस को बताया, "एक मोटी सी अधेड़ महिला प्रार्थना स्थल पर मेरी पत्नी के बगल में बैठी और उसने पूछा कि शौचालय किधर है। वह वापस आने की बात कहकर शौचालय चली गई और थैला छोड़ गई।"
पुलिस सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि बम उसी थैले के अंदर था और सुबह करीब 9.15 बजे उसमें विस्फोट हो गया। पुलिस के मुताबिक उसे वहां एक पर्चा भी मिला है जिसमें खुद को नेपाल डिफेंस आर्मी (एनडीए) बताने वाले एक संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications