परमाणु समझौते पर भारत ने अमेरिकी कारोबारियों को आश्वस्त किया
अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर ने गुरुवार को अमेरिका-भारत व्यापार परिषद (यूएसआईबीसी) को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अमेरिकी निर्माताओं द्वारा परमाणु रिएक्टरों के निर्माण संबंधी सौदों में गहरी रुचि रखता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी कंपनियां भारत में मौजूद संभावनाओं का लाभ उठाएंगी और सहयोग को बढ़ाते हुए अपने कारोबारी रिश्तों को अगले स्तर तक पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर मीरा को बधाई देते हुए यूएसआईबीसी के अध्यक्ष रॉन सोमर्स ने कहा, "भारत और अमेरिका के आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का यह एकदम उचित अवसर है।"
सोमर्स ने कहा, "भारत में नई सरकार का गठन हो रहा है और ओबामा प्रशासन में भी महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों का दौर चल रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच दीर्घावधि के रिश्तों के निर्माण के लिए अच्छा मौका है।"
उल्लेखनीय है कि यूएसआईबीसी की स्थापना वर्ष 1975 में की गई थी। इस संगठन का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यावसायिक और कारोबारी रिश्ते मजबूत बनाना है।
यूएसआईबीसी में 300 प्रमुख कंपनियां शामिल हैं जिनमें भारत में निवेश करने वाली अमेरिकी कंपनियां तथा भारत की शीर्ष कंपनियां शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications