पाक में आतंकवादियों को परास्त करने में भारत की भूमिका अहम : अमेरिका
वाशिंगटन, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में अल कायदा आतंकवादियों और उनके कट्टरपंथी सहयोगियों को परास्त और नष्ट करने में भारत की भूमिका को रेखांकित करते हुए वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी माइक मुलेन ने उसे अमेरिका का अत्यंत महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताया है।
अमेरिकी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के प्रमुख एडमिरल माइक मुलेन ने सीनेट के एक पैनल के समक्ष कहा, "इस लक्ष्य को हासिल करने में भारत विशेष रूप से महत्वपूर्ण है वह अमेरिका के रणनीतिक साझेदार के रूप में उभरा है।"
वर्जीनिया के डेमोक्रेट सीनेटर जिम वेब ने कहा कि उन्होंने एक संशोधन पेश किया था जिसके तहत अमेरिका को दी जाने वाली सहायता राशि का इस्तेमाल पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के विकास अथवा उनकी तैनाती में सहायता के लिए नहीं किया जा सकता था।
मुलेन ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा का गणित पहले ही जटिल है लेकिन गत नवंबर में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद दोनों देशों के बीच संचार और पारदर्शिता में कुछ सुधार हुआ है।"
समिति के अध्यक्ष और डेमोक्रेट सीनेटर जॉन केरी ने आतंकवाद से मुकाबले के नाम पर पाकिस्तान को दी जा रही भारी धनराशि का जिक्र करते हुए कहा, "पिछले प्रशासन के दौरान छह सात वर्षो तक पाकिस्तान को भारी मात्रा में आर्थिक मदद दी गई और हमें अंदाजा तक नहीं कि वह धन कहां गया।"
केरी ने कहा कि उस राशि का इस्तेमाल पाकिस्तान के आम बजट में किया गया। केरी और अन्य सीनेटरों ने कहा कि उन्होंने इस बात का सुझाव दिया था कि इस राशि के इस्तेमाल के बारे में उचित जांच पड़ताल और जवाबदेही तय की जाए।
मुलेन ने समिति को बताया कि अमेरिकी सरकार पाकिस्तानी सरकार के साथ विश्वास निर्मित करने का प्रयास कर रही है और इसके लिए यह जरूरी है कि सैन्य सहायता ढेरों शर्तो तथा प्रतिबंधों से लैस न हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications