मनमोहन बुद्धिमान नेता हैं: ओबामा

ओबामा ने कहा कि मनमोहन सिंह बेहद बुद्धिमान नेता है और वे उनका बेहद सम्मान करते हैं.
ओबामा ने ये बात अमरीका में नई भारतीय राजदूत मीरा शंकर से व्हाइट हाउस के ओवल ऑफ़िस में कही.
मीरा शंकर ने अमरीकी राष्ट्रपति को अपने पहचान पत्र सौंपे. इस समारोह केदौरान ओबामा ने कहा कि वे जल्द भारत आना चाहते हैं.
भारत-अमरीका संबंध
वहीं मीरा शंकर ने अमरीकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री की ओर से शुभकामनाएँ दीं.
भारतीय राजदूत ने उम्मीद जताई है कि भारत और अमरीका के रिश्ते और मज़बूत होंगे.
वे रोनेन सेन की जगह ले रही हैं जिनका कार्यकाल 31 मार्च को ख़त्म हो गया. इससे पहले मीरा शंकर जर्मनी में भारतीय राजदूत थीं.
इससे पहले भी वे कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं. वे पूर्व में आईसीसीआर की अध्यक्ष भी थीं.
भारत में मनमोहन सिंह 22 मई को एक बार फिर प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन चुनावों के बाद सबसे बड़े गठबंधन के तौर पर उभरा है.
यूपीए के चुनाव पूर्व सहयोगियों ने लगभग 262 सीटें हासिल की है, जो बहुमत से 10 कम पड़ता है, लेकिन मंगलवार को सपा नेता अमर सिंह ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर कहा था कि वो मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए को समर्थन देने की घोषणा करते हैं.


Click it and Unblock the Notifications