मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय उद्यानों के 3 निदेशकों को हटाने का आदेश
मुख्यमंत्री ने बुधवार को वन विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर वन्य प्राणी अभयारण्य और उद्यानों में बाघों की स्थिति की समीक्षा की और कहा कि वर्तमान में बाघों की घटती संख्या को देखते हुए प्रदेश के लिए टाइगर स्टेट का दर्जा बरकरार रखना चुनौती हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि बाघ सहित अन्य सभी वन्य प्राणियों के संरक्षण में उदासीनता बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाघों की घटती संख्या पर चिन्ता जताते हुए मुख्यमंत्री ने बांधवगढ, पन्ना और कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के निदेशकों को हटाने के निर्देश दिए। भारतीय वन सेवा के इन तीनों अधिकारियों के स्थानान्तरण का खुलासा मुख्यमंत्री आवास से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में किया गया।
हाल ही में दिल्ली से आए एक केन्द्रीय दल ने पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में एक भी बाघ न होने का खुलासा कर हलचल मचा दी थीै। अब से तीन साल पहले पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में कई बाघों के होने के प्रमाण मिले थे। मुख्यमंत्री ने पिछले पांच साल के दौरान पन्ना राष्ट्रीय उद्यान सहित प्रदेश के सभी उद्यानों और अभयारण्य में पदस्थ रहे निदेशकों एवं इसी अवधि के मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षकों की सूची भी तलब की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications