न्यूयार्क में हमले की साजिश, 4 गिरफ्तार (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार चारों व्यक्तियों ने कथित तौर पर ब्रोनक्स के रिवलडेल में एक यहूदी पूजा स्थल के बाहर प्लास्टिक विस्फोटकों से लैस एक कार से विस्फोट करने की साजिश रची थी।
उन्होंने स्टीवर्ट हवाई अड्डे स्थित न्यूयार्क एयर नेशनल गार्ड के विमानों पर मिसाइल हमले की साजिश रची थी। संघीय अभियोजकों ने बताया कि फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन (एफबीआई)के एक मुखबिर ने इन संदिग्धों के बारे में सूचना उपलब्ध कराई थी।
सीएनएन को दिए साक्षात्कार में न्यूयार्क के कांग्रेस सदस्य पीटर किंग ने कहा हमले बुधवार को रात को अंजाम दिए जाने थे जब गिरफ्तारियां की गईं। उन्होंने संदिग्धों को घरेलू आतंकवादी करार दिया है।
न्यूयार्क के दक्षिणी जिले के कार्यवाहक अमेरिकी अटार्नी लेव डासिन ने इन संदिग्धों की शिनाख्त जेम्स क्रोमिटी, डेविड विलियम्स, ओंटा विलियम्स और लागुरी पायेन के रूप में की है।
चारों संदिग्धों को गुरुवार को संघीय अदालत में पेश किया जा सकता है। उनके खिलाफ व्यापक संहार की क्षमता वाले हथियारों के इस्तेमाल की साजिश रचने और विमान भेदी मिसाइल हासिल करने और उन्हें इस्तेमाल करने की साजिश रचने के आरोप लगाए जा सकते हैं। दोषी पाए जाने पर उन्हें आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
डासिन ने बताया, "संदिग्धों को अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए हथियारों की जरूरत थी। खुशकिस्मती से उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति की मदद मांगी जिसने सरकार की मदद की। उसने संदिग्धों को नकली हथियार मुहैया कराए जिन्हें उन्होंने असली समझा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications