स्वात में प्रमुख तालिबानी कमांडर ढेर: पाकिस्तानी सेना
इस्लामाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के स्वात जिले में अभियान के दौरान एक महत्वपूर्ण तालिबानी कमांडर को मार गिराया है। यह दावा सेना ने गुरुवार को किया।
अंतर सेवा जनसंपर्क (आईएसपीआर) की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "पिछले 24 घंटों में अबु तारिक नाम के तालिबानी कमांडर समेत बहुत से आतंकवादी मारे गए हैं।"
इस अभियान में पांच सैनिक मारे गए हैं और पांच घायल हो गए हैं।
अभियान का ब्यौरा देते हुए बयान में कहा गया है कि प्योचर में सुरक्षा बलों ने बहुत से आतंकवादी ठिकानों का सफाया कर दिया है और अब तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बयान में कहा गया है,"आतंकवादियों और सैनिकों के बीच संघर्ष जारी है।"
सुरक्षा बल प्योचर घाटी की ओर शाहिद खापा पर कब्जा करने में कामयाब हो गए हैं। तालिबान के स्वात कमांडर मौलाना फजलुल्लाह का मुख्यालय प्योचर में है।
बयान के अनुसार कंजु/तख्ताबंद क्षेत्र में तख्ताबंद पुल, बारिकोट, गोकडारा, उदिग्राम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। सेना ने बाबा जियारत खान क्षेत्र को पूरी तरह से कब्जे में ले लिया है।
तालिबान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई 26 अप्रैल को शुरु हुई थी। अब तक के अभियान में करीब 1100 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। सैन्य अभियान की वजह से करीब 25 लाख लोगों को बेघर होना पड़ा है। गुरुवार को दानदाता देशों के एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में शरणार्थियों के राहत और पुनर्वास के लिए 24
.4 करोड़ डॉलर देने की पेशकश की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications