शेयर बाजारों में गिरावट का रुख (राउंडअप)
बाजार में आज सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं आदि सेक्टरों में सकारात्मक जबकि पूंजीगत वस्तुओं, बैंकिंग, आटो व सूचना प्रौद्योगिकी आदि सेक्टरों में गिरावट में कारोबार होता देखा गया।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को पिछले बंद के मुकाबले 17.28 अंकों की गिरावट के साथ 14,043.38 के स्तर पर खुला। कारोबार के अंत में यह 324.12 अंकों की भारी गिरावट के साथ 13,736.54 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने आज 14,089.51 के ऊपरी और 13,704.43 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक ने भी आज सकारात्मक कारोबार किया। मिडकैप सूचकांक ने महज 0.10 अंक की बढ़त हासिल की और वह 4,673.87 पर रहा जबकि स्मालकैप सूचकांक 134.35 अंकों के उछाल के साथ 5,342.53 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले बंद के मुकाबले गुरुवार को 0.05 अंकों की तेजी के साथ 4,270.35 के स्तर पर खुला। कारोबार के अंत में निफ्टी 59.40 अंकों की गिरावट के साथ 4,210.90 के स्तर पर था। निफ्टी ने आज 4,319.00 के ऊपरी और 4,199.20 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
सेंसेक्स में आज ओएनजीसी, रिलायंस कम्युनिकेशंस, रैनबेक्सी लेबोरेटरीज व एनटीपीसी के शेयरों की कीमतों में सर्वाधिक उछाल आया जबकि लार्सन एंड टूब्रो, मारुतिसुजुकी और आईसीआईसीआई बैंक आदि कंपनियों को सबसे अधिक नुकसान का सामना करना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications