स्वाइन फ्लू: दुनिया भर में 10,000 से ज्यादा मामले (लीड-2)
अमेरिका में इसके मामलों की संख्या बढ़कर 5,710 हो गई है तो आस्ट्रेलिया में छह और क्यूबा में चार मामलों की पुष्टि हुई है। दूसरी ओर मेक्सिको में भी इससे मरने वाली संख्या बढ़कर 75 हो गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि विगत 23 अप्रैल के बाद सात लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वाइन फ्लू की चपेट में बुरी तरह आने वाले मेक्सिको इससे उबरने की कोशिश में भी लग गया है। मेक्सिको के अधिकारी देश के पर्यटन क्षेत्र में एक बार फिर जान फूंकने के अभियान में जुटे हैं।
स्पेन की राजधानी मैड्रिड के मेयर अलबटरे रुईज-गलाडरेन मेक्सिको के साथ एकजुटता का परिचय देने वालों में सबसे आगे रहे। वह शनिवार को मेक्सिको पहुंचे।
इस बीच अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने बुधवार को बताया कि अाठ नए मामलों की पुष्टि के साथ ही स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 5,710 तक पहुंच चुकी है। न्यूयार्क प्रशासन ने नए मामलों की पुष्टि के साथ बुधवार को नौ स्कूलों को बंद कर दिया।
आस्ट्रेलिया में स्वाइन फ्लू के अब तक छह मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मेलबर्न में तीन भाई इस बीमारी की चपेट में हैं। ये तीनों अपने परिवार के साथ अमेरिका से छुट्टियां बिताकर लौटे थे।
आस्ट्रेलिया में स्वाइन फ्लू से जुड़े पहले मामले की पुष्टि सात मई को हुई थी। स्वास्थ्य मंत्री निकोला रोक्सोन ने कहा कि स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या बढ़ सकती है।
उधर, क्यूबा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में स्वाइन फ्लू से जुड़े चौथे मामले की पुष्टि की है। स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि 14 महीने का एक बच्चा इस बीमारी की चपेट में है। वह अपने माता-पिता के साथ कनाडा से लौटा था।
मंत्रालय का कहना है कि बच्चे की हालत में सुधार हो रहा है और उसके परिजनों व संपर्क में आने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। क्यूबा में स्वाइन फ्लू के तीन अन्य मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि 41 देशों में स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या 10,420 हो गई है और इस बीमारी से अब तक 80 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications