करारी शिकस्त के बाद टूट के कगार पर पहुंची टीआरएस
हैदराबाद, 21 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश विधानसभा के चुनाव में करारी शिकस्त झेलने के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) अब टूट के कगार पर पहुंच चुकी है। पार्टी का एक वर्ग टीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के खिलाफ विद्रोह को झंडा बुलंद करने की तैयारियों में है।
राव की नीतियों व निर्णयों से खफा पार्टी का एक वर्ग नई पार्टी के गठन की कवायदों में जुटा हुआ है। राज्य विधानपरिषद के सदस्य के. दिलीप कुमार के नेतृत्व में नेताओं का एक समूह इस सिलसिले में पिछले दो दिनों से लगातार बैठकें कर रहा है। यह समूह नई पार्टी का गठन करने या फिर राव को अध्यक्ष पद से अपदस्थ करने की दो रणनीतियों पर काम कर रहा है।
इन नेताओं का मानना है कि राव ने पार्टी को परिवार की संपत्ति बना दिया है। राव के बेटे ने इस बार का विधानसभा चुनाव जीता है और उसे पार्टी में महासचिव बनाया गया है। उनके मुताबिक पार्टी का एकमात्र उद्देश्य चुनाव लड़ना और गठबंधनों से जुड़ना रह गया है।
उल्लेखनीय है कि हाल में संपन्न हुए लोकसभा व विधानसभा चुनावों में टीआरएस को लोकसभा की दो और विधानसभा की 10 सीटें ही मिल सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications