उप्र में विस्फोटकों के साथ युवक गिरफ्तार
इलाहाबाद, 21 मई(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले से गुरुवार को पुलिस ने एक व्यक्ति को 2,000 डेटोनेटर्स और अन्य विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जिले के शंकरगढ़ थाना-प्रभारी अरविंद जायसवाल ने आईएएनएस को बताया कि फगुवार गांव के पास मध्य प्रदेश सीमा के निकट आज तड़के सचिन सिंह (19 वर्ष) नाम के युवक को विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2000 डेटोनेटर, 200 जिलेटिन छड़े एवं 50 किलोग्राम सफेद पाउडरनुमा विस्फोटक जब्त किया गया।
जायसवाल ने बताया कि युवक से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह नक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले का रहने वाला है। उन्होंने गिरफ्तार युवक के नक्सलियों से संबंध होने की आशंका से इंकार नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications