विमान दुर्घटना में 97 लोगों की मौत

ये विमान जकार्ता से जावा जा रहा था. वायु सेना के एक प्रवक्ता के मुताबिक विमान में 100 से ज़्यादा लोग सवार थे.
ये विमान जावा में एक गाँव में कुछ घरों पर जाकर गिरा और फिर इसमें आग लग गई. ज़मीन पर भी दो लोग मारे गए हैं. दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
जकार्ता पोस्ट के मुताबिक विमान जेपलाक गाँव में गिरा जो इस्वाहयूदी वायु सेना के अड्डे से करीब चार किमोमीटर की दूरी पर है. विमान को सैन्य अड्डे पर ही उतरना था लेकिन वो चूक गया.
दुर्घटना के समय रोशनी भरपूर थी और इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि दुर्घटना क्यों हुई.
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान क्रू के साथ आख़िरी बार संपर्क विमान गिरने के कुछ मिनट पहले ही हुआ था.
एक स्थानीय अधिकारी का कहना है कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया है.
दुर्घटना
वायु सेना के प्रवक्ता बमबांग सुलिसतयो ने बताया है कि विमान सामान्य प्रशिक्षण मिशन पर था.
टीवी फ़ुटेज में दिखाया गया है कि सैनिक हताहत लोगों को स्ट्रेचर पर ले जा रहे हैं. रिपोर्टों के मुताबिक घटनास्थल पर पहुँचाना थोड़ा मुश्किल है.
अस्पताल में एक डॉक्टरन ने रॉयटर्स को बताया कि वहाँ चार लोगों का इलाज हो रहा है जिनमें से कुछ की हड्डी टूट गई है.
इंडोनेशिया की वायु सेना की लंबे समय से शिकायत रही है कि उसके पास पैसे की कमी है और काफ़ी समय तक अमरीका ने उस पर हथियारों की बिक्री का प्रतिबंध भी लगा रखा था.
वायु सेना के कई विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं जिसमें पिछले महीने फ़ोकर 27 विमान की दुर्घटना शामिल है. इसमें 24 लोग मारे गए थे.


Click it and Unblock the Notifications