इंडोनेशिया में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 78 मरे (लीड-2)
जकार्ता, 20 मई (आईएएनएस)। इंडोनेशिया में बुधवार को एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई। विमान में 100 से अधिक लोग सवार थे। 19 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि हर्कुलीस सी-130 विमान पूर्वी जावा प्रांत के मागेतन एक रिहायशी इलाके में गिरा। यह विमान नियमित उड़ान पर था और इसने जकार्ता से पूर्वी प्रांत पापुआ के लिए उड़ान भरी थी।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, " मैंने दो विस्फोटों की आवाजें सुनी। विमान में आग लग गई थी।"
पूर्वी जावा के सैन्य कमांडर मेजर जनरल सुवार्णो ने बताया कि विमान में 98 यात्रियों के अलावा चालक दल 14 सदस्य भी सवार थे। यह स्थानीय समायनुसार बुधवार सुबह 6.20 बजे मदीउन से सात किलोमीटर पश्चिम में हादसे का शिकार हो गया।
वायु सेना के प्रवक्ता बंबांब सुलिस्तियो ने बताया, "78 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और उन्हें मदीउन के इस्वायुदी अस्पताल में ले जाया गया है।"
स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि मरने वालों की संख्या 80 से अधिक है क्योंकि विमान के मलबे से बचावकर्मियों को और भी शव मिले हैं।
एक स्थानीय अधिकारी ने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर है और पीड़ितों को अभी भी घटनास्थल से ले जाया जा रहा है।
इस्वायुदी अस्पताल के एक अधिकरी ने बताया कि यहां अब तक 19 घायलों को लाया गया है। घायलों में दो बच्चे भी थे जिन्हें कस्बे के दूसरे अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों में कई अचेत थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications