ग्वालियर के सिंधिया राजमहल में चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जय विलास पैलेस के एक हिस्से में विजयाराजे सिंधिया का बैठक कक्ष है जो पिछले काफी अरसे से बंद पड़ा है। इस कक्ष में बेशकीमती चांदी के बर्तन, साज सज्जा का सामान आदि रखा हुआ है। यहां कर्मचारियों की तैनाती है। मंगलवार को इस कक्ष में कुछ गड़बड़ नजर आई। जसकी खबर सिंधिया परिवार से जुड़े लोगों को दी गई।
झांसी रोड थाने के प्रभारी सुरेश सिकरवार ने आईएएनएस को बताया है कि मंगलवार को यशोधरा राजे सिंधिया के निजी सहायक सतीश जायसवाल और बुधवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया के निजी सहायक विजय फालके की ओर से राजमहल में चोरी की शिकायत की गई। इन दोनों ही शिकायतों में बैठक कक्ष से बेशकीमती सामान चोरी होने की बात कहीं गई है। क्या-क्या चोरी गया है और उसकी अनुमानित कीमत क्या है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
सिकरवार के मुताबिक जिस कक्ष से सामान चोरी होने की शिकायत की गई है उसका पुलिस मुआयना करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि कौन-कौन सा सामान चोरी गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी राजमहल का जायजा ले चुके है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications