सू की के मुकदमे की सुनवाई में मौजूद रहे
यांगून, 20 मई (आईएएनएस)। म्यांमार की विपक्षी नेता एवं लोकतंत्र समर्थक आंग सान सू की के खिलाफ जारी मुकदमे की सुनवाई के तीसरे दिन कुछ राजनयिकों और पत्रकारों को अदालत में मौजूद रहने की इजाजत दी गई, जिससे उन्हें अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से मुलाकात का मौका मिल सका।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सू की ने वहां मौजूद करीब 30 विदेशी राजनयिकों और पत्रकारों से कहा, "मैं आपसे मुलाकात की इजाजत चाहती थी। उम्मीद करती हूं कि हमारी मुलाकात बेहतर दिनों में होगी।"
उन्होंने कहा, "समर्थन व्यक्त करने के लिए धन्यवाद। "
सू की ने पिछले छह साल का समय झील के किनारे स्थित अपने घर में नजरबंद रह कर बिताया है। जॉन विलियम नाम का एक अमेरिकी नागरिक तैरकर उनके घर तक आ गया था। नजरबंदी के नियम तोड़ने के आरोप में उनके खिलाफ इन्सेन जेल में मुकदमा चलाया जा रहा है।
बिन बुलाए जॉन ने सू की कैद की अवधि बढ़ाने का म्यांमार की सरकार को बहाना दे दिया है। नोबेल पुरस्कार विजेता की पिछली सजा 27 मई को समाप्त हो रही थी।
न्यायाधीश ने सोमवार को सू की, उनके दो सहायकों और जॉन के खिलाफ मुकदमे की सार्वजनिक सुनवाई की मांग संबंधी याचिका खारिज कर दी थी लेकिन बुधवार को न्यायाधीश ने पांच स्थानीय पत्रकारों और राजनयिकों को सुनवाई के दौरान मौजूद रहने की इजाजत दे दी।
पिछले 19 वर्षो में से 13 बरस सू की हिरासत में रहकर बिताए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications