मध्य प्रदेश के नौकरशाहों में बढ़ा साइकिल प्रेम
सेंट्रल प्रेस क्लब द्वारा बुधवार को आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में 'ग्रीन प्लेनेट बाईसिकिल राइर्डर्स एसोसिएसन' के अध्यक्ष और प्रदेश के प्रमुख सचिव (उद्योग) सत्यप्रकाश ने बताया कि उनका संगठन पिछले एक साल से आम लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसी का नतीजा है कि लगभग 6,500 लोगों ने उनके अभियान में हिस्सा लिया है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के कई बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भागम भाग भरी जिंदगी के बीच साइकिल चलाने का आनंद कहीं गुम हो गया है। वर्तमान दौर में आवागमन, मनोरंजन एवं स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने के प्रति लोगों में रूचि पैदा करना जरूरी हो गया है। साइकिल चलाने से सेहत जहां दुरुस्त रहती है वहीं पर्यावरण को भी शुद्घ रखने में मदद मिलती है।
सत्यप्रकाश ने कहा कि संगठन की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि राजधानी भोपाल में साइकिल के लिए अलग से पथ बनाया जाए। साइकिल चलाने वालों के लिए एक कमीज भी तैयार की गई है, जो उनकी सुरक्षा में मददगार साबित होगी। कमीज में रेडियम लगा हुआ है जो रोशनी पड़ते ही चमकने लगेगा जो सुरक्षा कारणों से बेहद अहम है।
उन्होंने बताया है कि संगठन ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस को 'कार-मोटरबाइक फ्री डे' मनाने का निर्णय लिया है। इस दिन 'मास बाइसिकिल राइड फॉर इन्वायरमेंट रैली' निकाली जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे इस दिन ईंधन से चलने वाले वाहनों का उपयोग न करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications