सत्ता में भागीदारी कर जख्मों पर मरहम लगाए राजपक्षे सरकार : अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान कैली ने मंगलवार को कहा, "आतंकवाद को सही मायनों में शिकस्त देने के लिए श्रीलंका सरकार को लोकतांत्रिक, खुशहाल, संयमशील और एकीकृत श्रीलंका का निर्माण करना होगा और दोनों पक्षों को न्याय दिलाने और सुलह के प्रयास करने होंगे।"
कैली ने अपने बयान में कहा, "सिंहलियों, तमिलों और अन्य सभी लोगों को एकजुट होकर सत्ता की भागीदारी की नई व्यवस्था करनी होगी जो सभी श्रीलंकाइयों के अधिकारों को बढ़ावा दे सके और उनकी हिफाजत कर सके।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका हाल के संघर्ष के दौरान बेघर हुए लाखों नागरिकों के पुनर्वास को लेकर बेहद चिंतित है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में उत्तरी श्रीलंका में नागरिकों को बहुत तकलीफें पहुंची हैं तथा बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि लड़ाई थम जाने से अब नागरिकों को और नुकसान नहीं पहुंचेगा।
उन्होंने श्रीलंका सरकार से शरणार्थी शिविरों में राहत कर्मियों को जाने की इजाजत देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका सरकार श्रीलंकाई नागरिकों की बुनियादी जरूरते पूरी करने में हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications