मलेशियाई भारतीयों ने बनाई नई पार्टी
नए संगठन ने देश में भारतीय समुदाय के लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही है।
इस संगठन का नेतृत्व हिंद्राफ के पूर्व राष्ट्रीय समन्वयक आर.एस. थनेनथिरन कर रहे हैं। थनेनथिरन ने पिछले साल मार्च में हुए चुनाव के दौरान विपक्षी गठबंधन पकातन राक्यात (पीआर) के तहत देश भर का दौरा किया था।
पार्टी के अस्थायी महासचिव कन्नन रामास्वामी ने कहा कि पार्टी को रजिस्ट्रार आफ सोसाइटीज से स्वीकृति मिल गई है।
कन्नन ने कहा, "भारतीय समुदाय के लोगों की जरूरतों और मांगों का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक राजनीतिक मंच की जरूरत थी इसे देखते हुए हमने पिछले महीने फार्म जमा कराया था।"
उन्होंने कहा, "हमारे दरवाजे सत्ताधारी गठबंधन बारिसन नेसीनल और विपक्षी गठबंधन पकातन राक्यात से वार्ता के लिए खुले हैं। जो भी हमारी मांगों पर गौर करेगा हम उसे समर्थन देंगे।"
मलेशिया की कुल 2.8 करोड़ की आबादी में भारत समुदाय के लोग 20 लाख से अधिक हैं जिसमें अधिकतर तमिल हिंदू हैं जो कि ब्रिटिश शासन के दौरान यहां आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications