उत्साहवर्धक नतीजे जिम्मेदारियां भी लेकर आते हैं : सोनिया (लीड-2)
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा, "हमने चुनाव जीता है लेकिन इसके साथ ही हमें एक गंभीर दायित्व भी मिला है।"
उन्होंने कहा, "हमने आशा की नई किरण जगाई है। यही वजह है कि आज हम इतनी बड़ी संख्या में यहां मौजूद हैं। अब हमारी जिम्मेदारी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की है। "
इससे पहले, संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्यों की मौजूदगी में सोनिया ने संसदीय दल के नेता के रूप में मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
सोनिया ने कहा कि पिछले पांच वर्षो के कार्यकाल में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने जो कीर्तिमान स्थापित किए हैं वह प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के संविधान की धारा 5बी के अनुसार पार्टी संसदीय दल के नेता पद के लिए मैं डा. मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखती हूं और आपसे इसके समर्थन करने का आग्रह करती हूं।"
उन्होंने कहा, "पिछले पांच वर्षो का मनमोहन सिंह का जो रिकार्ड रहा है, वह अपने आप में बहुत कुछ बयान करता है। आने वाले वर्षो में हम उनके नेतृत्व में आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने पिछले पांच वर्षो में जिस दृढ़ता और प्रभावी तरीके से सरकार चलाई वह हमें प्रेरित करने वाला है। हम सभी को मिलकर उन्हें बधाई देनी चाहिए।"
सोनिया ने कहा, "राजनीतिक मर्यादाओं को बचाए रखने का समय आ गया है। पिछले कुछ वर्षो में राजनीति का पतन हुआ है। हमें सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करना है। हमें जनता के बीच नेताओं के प्रति विश्वास को फिर से पैदा करना है।"
इस अवसर पर सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया। वरिष्ठ नेता प्रणब मुखर्जी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा जिसका सलमान खुर्शीद, किशोरचंद्र देव, मीनाक्षी नटराजन और मल्लिकार्जुन खड़गे ने समर्थन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications