जनता की बढ़ी उम्मीदों को दर्शाता है यह जनादेश : प्रधानमंत्री
कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुनने के लिए बुलाई गई संसदीय दल की बैठक में आए सभी सांसदों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "भारी संख्या में युवाओं ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मतदान किया है। युवाओं का चरित्र ही कुछ ऐसा होता है कि वे संयम नहीं रख पाते। इसलिए काम चलाऊ व्यवस्था को वे आसानी से बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं।"
बेहतर सरकार देने की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि देश का युवा उम्मीद करता है कि सरकार नई ऊर्जा के साथ काम करेगी। वे जिम्मेदार सरकार चाहते हैं। वे चाहते हैं कि सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरे।
मनमोहन सिंह ने कहा, "देश की जनता ने हमारे पक्ष में अपना जनादेश दिया है। जनता ने सत्ता विरोधी लहर होने की अवधारणा को झूठला दिया है।"
उन्होंने कहा, "हमें कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। हमारे पक्ष में मिले जनादेश को संभाले रखने के लिए यह जरूरी है। यह हमारी पार्टी और हमारी सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।"
उन्होंने कहा, "हमारी प्राथमिकता सरकार में नई ऊर्जा भरने और शासन में सुधार लाने की होगी। सरकार को हमें अधिक जिम्मेदार, प्रभावी और क्रियाशील बनाना पड़ेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications