तमिलों के हितों की रक्षा करे श्रीलंका : अमेरिका
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इयान कैली ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "श्रीलंका के लिए यह एक बेहतरीन मौका है, जिसमें वह अपने अतीत को पीछे छोड़कर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करे, जहां लोकतंत्र हो, सहिष्णुता हो और मानव अधिकारों को सम्मान मिले।"
कैली ने कहा, "अब श्रीलंका सरकार को तमिलों, सिंहली और अन्य गुटों के साथ बातचीत कर ऐसी राजनीतिक व्यवस्था बनानी चाहिए, जिसमें सभी नागरिकों के हितों की रक्षा की जा सके।"
तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के साथ संघर्ष खत्म होने पर श्रीलंका सरकार को बधाई देते हुए कैली ने कहा अमेरिका यह समझ सकता है कि इस दौरान कई निर्दोष नागरिक भी मारे गए। उन्होंने कहा कि श्रीलंका सरकार की प्राथमिकता अब विस्थापितों को बुनियादी सहायता और सेवा उपलब्ध करवाने की होनी चाहिए।
कैली ने कहा कि अभी इस मुद्दे पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी कि अमेरिका अभी भी अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा श्रीलंका को दिए जाने वाले 1.9 अरब डॉलर की सहायता का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा, "मेरी अपनी सीमा है। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन अपने मित्रों और सहयोगियों से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगी।"
लिट्टे के संबंध में कैली ने कहा, "लिट्टे को लेकर हमारी नीति स्पष्ट है। हम तमिल टाइगर्स को आतंकवादी संगठन मानते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications