आतंक मुक्त हुआ श्रीलंका: सेना प्रमुख
कोलंबो। श्रीलंका की सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सरत फोंसेका ने तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) प्रमुख वेलुपिल्लई प्रभाकरन के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीलंकाई सशस्त्र बलों ने लिट्टे को फौजी रूप से
शिकस्त दे दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को तीन दशकों के आतंक के साए से मुक्ति मिल गई है।
श्रीलंकाई सेना ने घोषणा की है कि लिट्टे के सभी प्रमुख सदस्य मारे जा चुके हैं और शवों की शिनाख्त का काम जारी है। प्रभाकरन अपने दो प्रमुख साथियों के साथ श्रीलंका के उत्तरी हिस्से के एक युद्ध क्षेत्र से फरार होने की कोशिश करते समय सोमवार को मारा
गया।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि 54 वर्षीय प्रभाकरन लिट्टे की खुफिया इकाई के प्रमुख पोट्टु अम्मान और समुद्री इकाई के प्रमुख सोसाइ के साथ एक वैन और एक एंबुलेंस के काफिले में जा रहा था तभी मुल्लइतिवू में सेना ने उस काफिले पर हमला
कर दिया।
उसकी मौत से कुछ ही समय पहले प्रभाकरन के बड़े पुत्र चार्ल्स एंथनी और छह अन्य प्रमुख सहयोगियों के शव भी बरामद किए गए। एंथनी ने आयरलैंड से शिक्षा प्राप्त की थी और वह लिट्टे की सूचना प्रौद्योगिकी इकाई का प्रमुख था और उसे अपने पिता
का उत्तराधिकार संभालने के लिए तैयार किया जा रहा था।


Click it and Unblock the Notifications