'नेपाल में गठबंधन सरकार का रास्ता साफ़'

नेपाल में लगभग 22 राजनीतिक पार्टियों के गठबंधन ने नई सरकार के गठन के लिए आवश्यक बहुमत हासिल कर लेने का दावा किया है.
राजनीतिक पार्टियों के इस गठबंधन ने सरकार गठन के लिए स्पीकर को पत्र लिखा है. ऐसे में माना जा रहा है कि पिछले दो हफ़्तों से देश में जारी राजनीतिक संकट समाप्त हो जाएगा. नेपाली कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल और छोटी-छोटी पार्टियों के गठबंधन ने सरकार बनाने का फ़ैसला किया है.
रविवार को यूएमएल के नेता ईश्वर पोखराल ने कहा कि लगभग आधे से अधिक सांसद माधव कुमार नेपाल के नेतृत्व में नई गठबंधन सरकार के गठन के लिए सहमत हो गए हैं.
अब मामला संसद के स्पीकर सुभाष नेमवांग के पाले में हैं और उन्हें ही नए गठबंधन की सरकार के गठन पर फ़ैसला करना है.
नेपाल में पूर्व माओवादी लड़ाकों को सेना में जगह देने के मुद्दे पर सेनाध्यक्ष को हटाया गया था. इस मामले पर राष्ट्रपति रामबरन यादव से मतभेद के बाद पुष्प कमल दहाल यानी प्रचंड ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया था. जिसके बाद देश में राजनीतिक संकट गहरा गया था.


Click it and Unblock the Notifications