पाक के राजनीतिक दलों ने सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया (लीड-1)
इस्लामाबाद, 18 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ मंत्री ने सोमवार को कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने उत्तर पश्चिम में तालिबान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है।
सूचना और प्रसारण मंत्री कमर जमान कैरा ने कहा कि सभी पार्टियों ने सर्वसम्मति से स्वात में कार्रवाई संबंधी प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सभी नेताओं को एनडब्ल्यूएफपी के स्वात और दो अन्य जिलों में जारी सैन्य कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में राजनीतिक हलकों में आम सहमति का आग्रह करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा कि तालिबान के सफाए और इलाके से विस्थापित लोगों के अपने घरों को लौटने तक सैन्य अभियान जारी रहेगा।
सर्वदलीय बैठक में गिलानी ने कहा, "जब तक राजनीतिक दल समस्या को सुलझाने के लिए कदम नहीं बढ़ाएंगे तब तक आतंकवाद और कट्टरवाद की समस्या के पूरी तरह हल होने की कोई गारंटी नहीं है।"
उन्होंने कहा कि सरकार ने आतंकवाद से निपटने के लिए वार्ता, प्रतिरोध और विकास की नीति को अपनाया है लेकिन कुछ राजनीतिक दल इसे विदेशी निर्देशों पर चलना बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी नीतियों का केंद्र केवल पाकिस्तान है और कुछ नहीं। वह धैर्य के साथ देश में शांति और समृद्धि लाने के लिए प्रयासरत हैं।
सर्वदलीय बैठक में सभी बड़े दलों के नेता उपस्थित थे। बैठक में एनडब्ल्यूएफपी में जारी सैन्य कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा हुई।
गिलानी ने कहा कि स्वात में सेना की कार्रवाई सफलतापूर्वक जारी है लेकिन यह कोई स्थाई हल नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications