स्वाइन फ्लू : दुनिया भर में 8,732 मरीज, अमेरिका में 6 मरे (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक यूरोपीय रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (ईसीडीसी) की ओर से नया आंकड़ा जारी किया गया है। यूरोप में 263 लोग इस बीमारी की चपेट में हैं।
अमेरिका में स्वाइन फ्लू के 4,714 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें संदिग्ध मामलों की संख्या भी शामिल है। मेक्सिको में 3,103, कनाडा में 495 और पनामा में 55 मामलों की पुष्टि हुई है। इस बीमारी से अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है।
न्यूयार्क में रविवार को एक स्कूल की सहायक प्रधानाध्यापिका मिशेल वेनेर की स्वाइन फ्लू की वजह से मौत हो गई। इसके साथ ही इस बीमारी से अमेरिका में मरने वालों का आंकड़ा छह तक पहुंच गया है।
मिशेल को पिछले सप्ताह अस्पताल में दाखिल कराया गया था। फ्लशिंग हास्पिटल मेडिकल सेंटर के प्रवक्ता ने कहा कि मिशेल की मौत रविवार शाम 6.17 मिनट पर हुई। न्यूयार्क में स्वाइन फ्लू से होने वाली पहली मौत है।
न्यूयार्क के स्वास्थ्य आयुक्त थॉमस आर. फ्रिडेन ने एक बयान जारी कहा, "अब हम देख रहे हैं कि स्वाइन फ्लू न्यूयार्क शहर के कई हिस्सों में बढ़ रहा है।"
उधर, जापान में स्वाइन फ्लू की चपेट में आने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 130 हो गई। प्रधानमंत्री तारो आसो ने सरकार के एक कार्रवाई बल से कहा है कि स्वाइन फ्लू की वजह से नागरिकों को बैठकों में शामिल होने, बाहर जाने और कारोबार करने से रोकने की उनकी कोई योजना नहीं है।
स्थानीय सरकारों ने हालांकि सोमवार को पश्चिमी जापान के ओसाका और ह्योगो क्षेत्र के सभी स्कूलों को इस सप्ताह बंद करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों को बंद करने का भी आदेश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications