आडवाणी बने रहेंगे विपक्ष के नेता
पार्टी संसदीय बोर्ड, महासचिवों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "आडवाणीजी इस बात पर सहमत हो गए हैं कि वह अपने अनुरोध पर जोर नहीं देंगे।"
गौरतलब है कि 16 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद आडवाणी ने पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक में नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। संसदीय बोर्ड ने उसी दिन आडवाणी की इस इच्छा को मानने से इंकार कर दिया था। बाद में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को आडवाणी को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
राजनाथ सिंह ने बयान में कहा, "पार्टी को आडवाणीजी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की जरूरत है। हमने उनसे अनुरोध किया कि वह 15वीं लोकसभा में पार्टी का नेता बनना स्वीकार करें। लोकसभा चुनाव में पार्टी को धक्का लगा है। इसे भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अपने को फिर से तैयार करने की जरूरत है। आडवाणीजी इस बात पर सहमत हुए हैं कि वह अपने अनुरोध पर जोर नहीं देंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications