प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा (लीड-1)
राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति ने निवर्तमान सांसदों के लिए आज शाम रात्रि भोज का आयोजन किया है। अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगी।
लद्दाख से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार जीत दर्ज करने वाले एक सांसद के नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) में शामिल होने के बाद संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के सदस्यों की संख्या 263 पहुंच गई है। नेकां संप्रग की घटक दल है। सरकार बनाने के लिए आवश्यक 272 के जादुई आंकड़े से संप्रग अब महज 9 अंक ही दूर रह गया है।
इससे पहले निर्वतमान कैबिनेट की अपनी अंतिम बैठक में सभी मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपने-अपने इस्तीफे सौंप दिए।
प्रधानमंत्री के एक सहयोगी ने आईएएनएस को बताया, "यह प्रोटोकॉल है कि चुनाव नतीजों के बाद निर्वतमान सरकार के प्रधानमंत्री अपना इस्तीफा सौंपते हैं।"
प्रधानमंत्री आवास पर मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में कैबिनेट की इस अंतिम बैठक में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष राम विलास पासवान ने भी हिस्सा लिया।
बैठक के बाद लालू ने कहा कि वह सरकार को बिना शर्त समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बात उन्होंने बैठक में भी कही।
इस बीच, कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि पार्टी कम से कम अतिरिक्त 20-30 सांसदों के समर्थन वाला पत्र राष्ट्रपति को सौंपने की योजना बना रही है।
निर्वाचन आयोग का तीन सदस्यीय दल नवनिर्वाचित 543 उम्मीदवारों की सूची राष्ट्रपति को सौंपेगा। मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की बैठक होगी, जिसमें मनमोहन सिंह को औपचारिक रूप से संसदीय दल का नेता और सोनिया गांधी को सीपीपी का अध्यक्ष चुना जाएगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 20 या 22 मई को हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications