जीत का श्रेय राहुल को दे रहे हैं युवा सांसद
अलवर से चुने गए सचिन पायलट का कहना है, "आम चुनावों में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का कारण राहुल गांधी के प्रयास रहे।"
पायलट शाम को होने वाली पार्टी की बैठक में शरीक होने के लिए इस समय दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा,"राहुल गांधी की कड़ी मेहनत ने युवा मतदाताओं को आकृष्ट किया।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सशक्त, स्थिर और कर्मठ सरकार देगी।
उत्तर प्रदेश के दारूहेड़ा से चुन कर आए जितिन प्रसाद भी जीत का सेहरा राहुल के सिर बांध रहे हैं। वह कहते हैं, "राहुल गांधी के अथक प्रयासों की वजह से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश की जनता ने जाति आधारित राजनीति को नकार कर विकास को समर्थन दिया।"
उन्होंने कहा, "हमें यकीन है कि उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ही जीतेगी।"
पायलट और प्रसाद के अलावा ज्योतिर्रादित्य सिंधिया, मिलिंद देवड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, अशोक तंवर, मीनाक्षी नटराजन और भंवर जितेंद्र सिंह जैसे अन्य कई युवा सांसद भी जीत का श्रेय राहुल को दे रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications