तेलंगाना सहित पूरे आंध्र में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
हैदराबाद, 17 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी न केवल राज्य में सत्ता में वापस आई है बल्कि उसने आंध्र प्रदेश के सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया है।
लोकसभा और राज्य विधानसभा के लिए हुए चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण करने से पता चलता है कि उसने सभी चार क्षेत्रों- तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में शानदार प्रदर्शन किया है।
राज्य विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 157 और लोकसभा की 42 में से 33 सीटों पर अपने दम पर जीत हासिल करने वाली कांग्रेस ने तेलंगाना क्षेत्र में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। तेलंगाना में उसे तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी), तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और दो वामपंथी दलों के संयुक्त विरोध का सामना करना पड़ा।
तेलंगाना को एक अलग राज्य का दर्जा दिए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट नहीं था इसके बावजूद क्षेत्र में उसे अच्छी सफलता हाथ लगी है।
पिछले साल टीडीपी ने एक अलग तेलंगाना राज्य का समर्थन कर टीआरएस के साथ गठबंधन का रास्ता साफ कर दिया था। इस चुनाव में टीडीपी के नेतृत्व वाले चार दलों के गठबंधन को जीत की काफी उम्मीद थी।
क्षेत्र की 119 सीटों में से कांग्रेस ने 50 पर जीत हासिल की है। हालांकि क्षेत्र में पार्टी के कई दिग्गज हार गए हैं। इनमें प्रदेश पार्टी प्रमुख डी. श्रीनिवास, विधानसभा अध्यक्ष के. आर. सुरेश रेड्डी और सात मंत्री शामिल हैं।
वर्ष 2004 के चुनाव में 26 सीटें जीतकर एक महत्वपूर्ण ताकत के रूप उभरी टीआरएस को केवल 10 सीटों पर जीत हासिल हुई है। पिछली बार क्षेत्र में करीब-करीब अपनी उपस्थिति खो चुकी टीडीपी ने 39 सीटों पर जीत हासिल की।
कांग्रेस ने क्षेत्र की 17 लोकसभा सीटों में से 12 पर जीत हासिल की है, जबकि टीडीपी और टीआरएस को दो-दो सीटें हासिल हुई है। एक सीट पर मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमिन को एक सीट मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications