लिट्टे का हमला नाकाम, राजपक्षे स्वदेश लौटे
कोलंबो, 17 मई (आईएएनएस)। श्रीलंकाई सेना ने शनिवार देर रात लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) का हमले नाकाम करते हुए उसकी नौकाओं को तबाह कर दिया और कम से कम 70 विद्रोहियों को मार गिराया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदया नानायक्कारा ने बताया कि शनिवार रात 1.30 बजे तमिल विद्रोहियों ने सेना की रक्षा पंक्ति को भेदने की कोशिश की लेकिन जवाबी कार्रवाई में वे ढेर कर दिए गए।
उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि इस घटना में सेना को किसी तरह का नुकसान हुआ या नहीं।
यह घटना उस समय हुई है जब श्रीलंकाई सरकार की ओर से लिट्टे के खिलाफ 25 साल पुराने युद्ध के खत्म होने का औपचारिक ऐलान किया गया।
उधर, श्रीलंकाई राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे का जॉर्डन से स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। जॉर्डन में शनिवार को राजपक्षे ने ऐलान किया था कि सेना ने तमिल विद्रोहियों को पराजित कर दिया है। हालांकि उन्होंने यहां कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया।
सैन्य सूत्रों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में लिट्टे के कब्जे वाले इलाके से 50,000 से अधिक नागरिक बाहर निकले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications