मेरियट होटल का संदिग्ध कराची में गिरफ्तार
कराची, 17 मई (आईएएनएस)। अल कायदा का एक संचालक जिसे पिछले वर्ष इस्लामाबाद के मेरियट होटल बम विस्फोट का सूत्रधार माना जा रहा है, रविवार को कराची में पकड़ा गया है।
मीडिया खबरों के अनुसार अधिकारियों ने पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अल कायदा के स्थानीय कमांडर मुहम्मद अनवर के रूप में की है और कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह मेरियट होटल बम विस्फोट कांड का प्रमुख सूत्रधार है। इस घटना में 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से कहा कि पुलिस ने अनवर के तीन अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है लेकिन उसके चार अन्य साथी भागने में सफल रहे।
पुलिस ने मॉडल कालोनी इलाके में एक मकान पर छापा मारकर इन चारों लोगों को गिरफ्तार किया, जहां एक प्रतिबंधित धार्मिक संगठन की बैठक चल रही थी।
पकड़े गए आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और सल्फर पाउडर तथा नाइट्रिक एसिड जैसे विस्फोट पदार्थ बरामद किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications