स्वात के तालिबानी कब्जे वाले कस्बे में सेना का प्रवेश (लीड-2)
इस्लामाबाद, 17 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने स्वात घाटी में तालिबान के कब्जे वाले एक कस्बे में प्रवेश करने का प्रयास कर रही है। सेना ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया गया है। लड़ाई के कारण अब तक 10 लाख से भी अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं।
पैदल सैनिकों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कस्बे मट्टा पर कब्जे के लिए हमला तेज कर दिया और स्थानीय नागरिकों से तालिबान के ठिकानों की पहचान करने के लिए कहा है।
तालिबान के खिलाफ एक हफ्ते पहले सैन्य अभियान की औपचारिक घोषणा के बाद शहरी क्षेत्र में युद्ध का यह नया चरण आरंभ हुआ है।
सेना ने रविवार को एक बयान में कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से सेना न केवल इलाके पर कब्जा करके उसे सुरक्षित करेगी बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी कि सभी आतंकवादी पकड़े या मारे जाएं और उनके भागने की कोई संभावना नहीं रहे।
मट्टा स्वात के प्रमुख शहर मिंगोरा से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां सेना और आतंकवादियों के बीच भारी गोलीबारी हो रही है। सेना शहर में प्रवेश करने के करीब है।
सेना ने कहा कि पिछले 24 घंटे से जारी संघर्ष में 25 तालिबान आतंकवादियों और एक सैन्य अधिकारी की मौत हुई है।
सेना ने दावा किया कि अप्रैल के अंत में स्वात से लगे निचले दीर और बुनेर में जारी सैन्य कार्रवाई में अब तक 1,000 आतंकवादी और 49 सैनिकों की मौत हुई है। इस दावे की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हुई है।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी आयुक्त एंटोनियो गुटेरस ने शनिवार को कहा कि एजेंसी ने 11.7 लाख विस्थापितों के नाम दर्ज किए हैं। तालिबान आतंकवादी भी अपनी दाढ़ी और बाल कटवाकर स्थानीय नागरिकों के भेष में इलाके से भागने की कोशिश कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications