हमारा समर्थन संप्रग को ही : लालू (लीड-1)
दिल्ली पहुंचते ही पत्रकारों से चर्चा में लालू ने कहा, "हमारी पार्टी सरकार का हिस्सा होगी कि नहीं, यह महत्वपूर्ण नहीं है। हम हमेशा संप्रग का समर्थन करेंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा ही कहा है कि प्रधानमंत्री की कुर्सी उनकी किस्मत में नहीं है।"
उन्होंने कहा, "आडवाणी और भाजपा को सत्ता से दूर रखना हमारा सबसे बड़ा उद्देश्य था। हमें खुशी है कि हम इस उद्देश्य में सफल रहें।"
इससे पहले, लालू के एक करीबी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें सरकार में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
लालू के दिल्ली रवाना होने से पहले उनके निजी सहायक भोला यादव ने पटना में आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सोनियाजी ने लालूजी को सोमवार को होने वाली निवर्तमान मंत्रिपरिषद की बैठक में भाग लेने और सरकार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।"
उन्होंने कहा कि लालूजी ने पहले ही अपनी भूल स्वीकार कर ली है। शनिवार को उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को साथ लेकर चुनाव न लड़ना उनकी बड़ी भूल थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications