दिल्ली के लोगों ने मनमोहन, शीला को वोट दिया
कई लोगों ने आईएएनएस से कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के कांग्रेसी उम्मीदवार की व्यक्तिगत योग्यता के स्थान पर कांग्रेस की विकासवादी नीतियों से प्रभावित होकर वोट दिया है।
कई युवकों ने कहा कि वे राहुल गांधी की स्पष्टवादिता और ईमानदारी से प्रभावित हैं।
पिछले छह महीने में कांग्रेस को दूसरी बार वोट देने वाली टीना झा ने कहा, "मैंने युवाओं और विकास के लिए वोट दिया। वे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से बेहतर हैं, जिनके पास केवल सांप्रदायिक एजेंडा है।"
जीसस एंड मेरी कालेज की 22 वर्षीय छात्रा ने कहा, "राहुल को देखिए, हाल ही में नई दिल्ली में वह किस तरह से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मेरे सभी मित्र सोचते थे कि वह राजनीति के लिए अभी अपरिपक्व हैं। परंतु अब उन्हें देखिए। पिछले कुछ वर्षो में वह काफी परिपक्व हुए हैं।"
उसी कालेज की छात्रा रिकु शर्मा ने कहा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र से विजयी कांग्रेस उम्मीदवार महाबल मिश्र के बारे में अधिक नहीं जानती। वह जनकपुरी में रहती है और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जगदीश मुखी को जानती है। इसके बावजूद उन्होंने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्य से प्रभावित होकर कांग्रेस को वोट दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications