ब्लॉगरों ने कहा, जो जीता वही सिकंदर
'पारखी नजर' ब्लॉग पर चुनाव परिणामों पर टिप्पणी की गई है, जिसमें कहा गया है, "जो जीता वही सिकंदर सही है। इसमें न वोटरों की गलती है और न नेताओं की। जो परिणाम आए वे सही आए। जहां एक ओर मनमोहन, सिंह बने, वहीं दूसरी ओर आडवाणी को निराशा हाथ लगी। एक बार फिर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा को जनता ने पसंद नहीं किया, इसमें चौंकाने वाली बात नहीं है।"
'जीवन धारा' में एक कार्टून के जरिए टिप्पणी की गई है। कार्टून में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को बॉक्सिंग करते दिखाया गया है। इसमें मनमोहन सिंह आडवाणी से पूछते है, "अब बताइए, कौन कमजोर प्रधानमंत्री है?"
'जनतंत्र' में तमाम समाचार चैनलों और समाचार पत्रों द्वारा करवाए सर्वेक्षणों पर टिप्पणी की गई है, जिसमें कहा गया है, "एक्जिट पोल का खेल एक बार फिर फेल हो गया है। तमाम न्यूज चैनल-अखबार और उनके एक्जिट पोल की दुकान चलाने वाले दुकानदार अपने-अपने तुक्के भिड़ाते रहे। नेता और पत्रकार चैनलों के स्टूडियो में बैठकर शब्दों का मायाजाल बुनते रहे।"
'अक्षत विचार' में टिप्पणी है कि इस बार चुनाव में मतदाताओं ने मुख्य मुद्दों को नजरअंदाज कर वोटिंग की है। लोकसभा के परिणाम आने के साथ ही मीडिया में परिणामों की चीरफाड़ शुरू हो गई है और कोई इसे युवराज का चमत्कार बता रहा है तो कोई भाजपा के प्रबंधन की कमी लेकिन सच्चाई यही है कि इस बार मतदाताओं ने किसी मुद्दे को लेकर मतदान नहीं किया।
'दुनिया मेरी नजर से' में फिल्मी अंदाज में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और चुनाव परिणाम पर टिप्पणी की गई है। ब्लॉगर ने फिल्मी गीतों का सहारा लिया है साथ ही वीडियो गीतों के जरिए नेताओं की मौजूदा स्थिति पर निशाना साधा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications