पश्चिम बंगाल में वामदलों की हार पर सभी को ताज्जुब
एक वकील बिजॉय डे ने कहा,"मैंने कभी नहीं सोचा था कि राज्य में ऐसा परिणाम संभव है। किसी भी चुनाव सर्वेक्षण में इसका अनुमान नहीं था। मुझे समझ में नहीं आ रहा, यह क्या हुआ है।"
एक बैंकर टी.पी.दत्ता ने कहा कि अपने मध्य और निचले स्तर के नेताओं के घमंडी हो जाने से वामदलों को इस खराब स्थिति का सामना करना पड़ा है। वे सोचते थे कि वे अपराजेय हैं और उन्हें जो भी चाहें करने का अधिकार है।
दत्ता ने कहा कि ये परिणाम वामदलों के लिए एक सबक हैं। वामदलों में कई अच्छाइयां हैं लेकिन लंबे समय तक सत्ता में रहने के कारण उनका क्षय हुआ है।
पिछले दो महीनों से इस बात का अनुमान तो था कि वामदलों की सीटों में कमी होगी लेकिन इसका किसी को अंदाजा नहीं था कि राज्य की 42 में से केवल 15 सीटों पर उनकी जीत होगी।
राज्य में तृणमूल कांग्रेस को 26 और भारतीय जनता पार्टी को एक स्थान पर जीत हासिल हुई है।
बांग्ला भाषा के अखबारों ने रविवार को भारी शीर्षकों के साथ बंगाल में परिवर्तन की घोषणा की है।
आनंद बाजार पत्रिका ने पूरे पेज का शीर्षक दिया है,"देश कांग्रेस के हाथों में, बंगाल में परिवर्तन की हवा।"
'बर्तमान' ने कहा,"माकपा पिटी, ममता के तूफान में लाल किला ध्वस्त।"
यहां तक कि वाम समर्थक 'आजकल' ने भी स्वीकार किया, "बंगाल में वामदल फिसले"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र 'जनशक्ति' ने परिणामों को अनपेक्षित बताते हुए शीर्षक दिया,"राज्य में वाम मोर्चे को गहरा झटका।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications