पाकिस्तानी समाचार पत्र संप्रग की जीत की खबरों से पटे
समाचार पत्र 'डॉन' ने अपने शीर्षक में लिखा,"भारतीय मतदाताओं ने मध्य मार्ग का चयन किया।"
अखबार ने लिखा कि विभिन्न वर्गों के मतदाताओं के वामपंथी और दक्षिणपंथी राजनीति को अस्वीकार कर मध्य मार्ग का चयन करने के बाद डा.मनमोहन सिंह दूसरे कार्यकाल की तैयारी में हैं।
डॉन ने लिखा कि मुंबई पर 26 नवंबर 2008 के हमले के बावजूद मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ शायद ही कोई आक्रामक शब्द इस्तेमाल किया हो।
समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' ने शीर्षक दिया,"कांग्रेस ने चुनाव जीता, सिंह पुन: प्रधानमंत्री, मतदाताओं ने जाति-धर्म को नकारा।"
अखबार ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि संप्रग की जीत से स्थिर सरकार, आर्थिक सुधार और पाकिस्तान के साथ बेहतर रिश्तों की आशाएं बढ़ी हैं।
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने भी ऐसा ही शीर्षक लगाया है। अखबार ने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए रखने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के रुख को भी प्रमुखता दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications