कांग्रेस को रचनात्मक समर्थन देने की इच्छुक है सपा (लीड-1)
कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को लोकसभा की लगभग निर्णायक सीटें मिलने के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह ने रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम रचनात्मक समर्थन देना चाहते हैं। हमने हमेशा राष्ट्रीय हितों को पार्टी हितों से ऊपर रखा है। यह कांग्रेस पर है कि वह हमसे कितना और किस तरह का समर्थन चाहती है।"
उन्होंने कहा कि संसदीय बोर्ड और पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने उन्हें कांग्रेस के साथ बातचीत के लिए अधिकृत किया है। सिंह ने कहा कि यह अधिकार प्रधानमंत्री को है कि वह सपा को सरकार में शामिल करते हैं अथवा नहीं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी धर्मनिरपेक्ष राजनीति को लेकर प्रतिबद्ध है।
सिंह ने कहा कि वह पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी को फोन पर जीत की बधाई दे चुके हैं। वह रविवार शाम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से बातचीत करेंगे।
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने कहा है कि पार्टी को सपा का समर्थन नहीं चाहिए, अमर सिंह ने कहा कि कांग्रेस समुद्र की तरह है जहां अलग-अलग लोग अलग-अलग तरह की बात कहते रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications