चंदौली संसदीय सीट के उम्मीदवारों को है नतीजे का इंतजार (लीड-1)
जिले के उप जिलाधिकारी एस.पी.सिंह ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि दो ईवीएम मशीनों में आई तकनीकी खराबी के कारण शनिवार रात तक मतगणना पूरी नहीं हो पाई थी, जिस कारण परिणाम रोक दिया गया था।
सिंह ने कहा, "हमने निर्वाचन आयोग को मामले से अवगत करा दिया है। ईवीएम मशीनों की खराबी को दूर करने के लिए इंजीनियरों का एक दल चंदौली पहुंच रहा है।" उन्होंने कहा कि मुगलसराय और शिवपुर विधानसभा क्षेत्र की एक-एक ईवीएम में खराबी आई है।
सूत्रों के मुताबिक चंदौली सीट पर मतगणना रूकने तक समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार राम किशुन बढ़त बनाए हुए थे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कैलाश नाथ सिंह यादव से उन्हें कांटे की टक्कर मिल रही है।
पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से बसपा प्रत्याशी कैलाश नाथ सिंह यादव ने सपा के आनंद रत्न मौर्या को 1,669 मतों के अंतर से पराजित किया था।
राज्य की 80 संसदीय सीटों में से 79 सीटों के घोषित नतीजों में कांग्रेस को 21, सपा को 22, बसपा को 20, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 10, राष्ट्रीय लोक दल(रालोद) को 5 सीटें मिली है, जबकि कल्याण सिंह (निर्दलीय) के रूप में एक सीट अन्य के खाते में गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications