पेराग्वे के राष्ट्रपति पर यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण जुर्माना
समाचार एजेंसी ईएफई ने राजमार्ग परिवहन प्रमुख एडुअडरे पेट्टा के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति पर करीब 100 डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। उन पर पैरागुआरी और कारापेगुआ राज्यों के बीच एक वाहन को अवैध रूप से ओवरटेक करने का आरोप था, साथ ही उनके लाइसेंस की अवधि भी समाप्त हो गई थी।
पेट्टा ने बताया, "जब मैं उस गाड़ी तक पहुंचा तो मैंने देखा कि राष्ट्रपति खुद उसे चला रहे हैं। मैंने उन्हें रोकने का कारण बताया और उनका लाइसेंस मांगा। मैंने देखा कि उनका ड्राइविंग लाइसेंस वर्ष 2009 के लिए वैध नहीं है। मैंने इन दो कमियों के लिए उन पर जुर्माना लगाया।"
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राष्ट्रपति लुगो उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने स्वीकार किया था कि वह बिशप रहते हुए एक बच्चे के पिता बने थे। लुगो ने यह स्वीकारोक्ति बच्चे की मां द्वारा इस संबंध में की गई एक शिकायत के बाद की थी।
इस मामले के जनता के बीच आने के बाद दो अन्य महिलाओं ने भी दावा किया था कि लुगो उनके बच्चों के पिता हैं। उनमें से एक ने न्यायालय की शरण भी ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications