संप्रग सरकार में शामिल होने की इच्छुक है तृणमूल कांग्रेस
तृणमूल कांग्रेस के नेता दिनेश त्रिवेदी ने एक समाचार चैनल को बताया, "तृणमूल-कांग्रेस-सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) के गठजोड़ द्वारा हासिल 26 लोकसभा सीटें वाम दलों द्वारा हासिल 15 सीटों के खिलाफ सीधा जनादेश हैं।"
उन्होंने कहा कि जनादेश वाम दलों के खिलाफ है और पश्चिम बंगाल सरकार में लोगों का यकीन कम हुआ है। आम लोगों की राय स्पष्ट होने के बाद वह चाहते हैं कि राज्य में जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव हो।
तृणमूल के संप्रग सरकार में शामिल होने के सवाल पर त्रिवेदी ने कहा कि उनकी पार्टी कोई मोलतोल करने नहीं जा रही। त्रिवेदी ने कहा, "हम जनता के लिए काम करने जा रहे हैं। संप्रग के सहयोगियों में सबसे अधिक सीटें हमारे पास ही हैं। मुझे यकीन है कि कांग्रेस हमें सरकार में शामिल करना चाहेगी।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में कुल 42 लोकसभा सीटे हैं जिनमें से 15 सीटों पर वाम दलों को जीत हासिल हुई। यह आंकड़ा सन 1977 के चुनावों के बाद से सबसे कम है। तृणमूल को 19 सीटों पर जबकि कांग्रेस को छह सीटों पर जीत हासिल हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications