भारत के लिए नया युग : ब्रिटिश सांसद
ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के भारतीय मूल के सांसद कीथ वाज ने शनिवार को कहा है कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में भारत अपनी जनता के जीवन स्तर को सुधारने के साथ ही दुनिया के साथ कदम मिलाने के लिए तैयार है।
लीसेस्टर पूर्व से सांसद वाज ने कहा,"यह भारत के लिए नया युग है। भारत के लिए अब विश्व मंच पर नेतृत्व हासिल करने का समय है। पूरी दुनिया कई समस्याओं से जूझ रही हैं और उन्हें सुलझाने में भारत के शामिल होने की आवश्यकता है।"
[चुनाव के ताजा नतीजे जानने के लिए यहां क्लिक करें]
लेबर पार्टी को कांग्रेस की बहन बताते हुए वाज ने कहा,"भारत को अपनी पहुंच बढ़ाने और अमेरिका, रूस और ब्रिटेन के साथ स्थान ग्रहण करने की आवश्यकता है।"
वाज ने आशा जताई कि कांग्रेस इतनी सीटें हासिल करने में सफल होगी जिससे वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा आरंभ आर्थिक नीतियों को लागू करने में सक्षम हो सकती है, जो अभी तक दबावों के कारण संभव नहीं हो पाया है।
वाज के सहयोगी और साउथाल से सांसद वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सफलता प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की स्वच्छ छवि को मिला समर्थन है।
शर्मा ने कहा कि भारत के लोगों ने विभाजनकारी ताकतों को नकार दिया और वे धर्मनिरपेक्षता तथा राष्ट्रीय एकता के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।


Click it and Unblock the Notifications