वामदलों को भारी झटका लगा
नई दिल्ली, 16 मई, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने शनिवार को स्वीकार किया कि लोकसभा चुनाव में वामदलों को भारी झटका लगा है।
चुनाव परिणामों के रुझानों के अनुसार 545 सदस्यीय लोकसभा में वामदलों के सांसदों की संख्या इस बार 25 के नीचे रहने की आशंका है। वर्ष 2004 के चुनाव में वामदलों को 60 से अधिक सीटों पर विजय मिली थी। करात ने स्वीकार किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी चुनावी समर में विजयी रहे हैं।
पहले से तैयार बयान पढ़ते हुए करात ने कहा,"माकपा और वामदलों को इस चुनाव में भारी झटका लगा है। पार्टी के खराब प्रदर्शन की गंभीरता से समीक्षा करने की जरूरत है।"
करात ने कहा कि माकपा गैर कांग्रेसी और गैर भाजपा धर्मनिरपेक्ष दलों से सहयोग जारी रखेगी,जिसके लिए हम काम कर रहें हैं।
करात ने कहा कि पोलितब्यूरो दो पारंपरिक गढ़ों पश्चिम बंगाल और केरल में पार्टी के कमजोर होने के कारणों की समीक्षा करेगी।


Click it and Unblock the Notifications