संप्रग बहुमत के करीब, राजग पिछड़ा
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतगणना में विपक्षी दलों को मात देते हुए तथा राजनीतिक विश्लेषकों को गलत ठहराते हुए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) बहुमत के करीब पहुंच गया है। शुरुआती रुझानों को देखते हुए कांग्रेस ने जहां जीत का दावा किया है वहीं मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निराशा व्यक्त की है।
कुल 545 सदस्यीय लोकसभा की अधिकतर सीटों के रुझान के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग को 250 के करीब सीटें मिलने की संभावना है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 272 के काफी करीब है। कांग्रेस को मिल रही कामयाबी के संकेतों के मद्देनजर अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय तथा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास के बाहर सैंकड़ों समर्थकों का हुजूम जुट गया और ढोल-नगाड़े बजने लगे।
[चुनाव के ताजा नतीजे जानने के लिए यहां क्लिक करें]
उधर, भाजपा को इन परिणामों से तगड़ा झटका लगा है। पिछले पांच साल से सत्ता में लौटने का इंतजार कर रही पार्टी को कई जगहों पर आशा के प्रतिकूल नतीजे आते दिख रहे हैं और कहीं-कहीं तो उसका सफाया होता दिख रहा है। दिल्ली में भाजपा के मुख्यालय में मायूसी का आलम देखा गया। समर्थक उदास और हतप्रभ दिखाई दिए।
क्षेत्रीय दलों और वामपंथी दलों को मिलाकर बने तीसरे मोर्चे की स्थिति काफी खराब है। वाम दलों के गढ़ कहे जाने वाले पश्चिम बंगाल और केरल में उन्हें काफी नुकसान की संभावना है। इस बीच दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने संप्रग की इस जीत का श्रेय पार्टी महासचिव राहुल गांधी को देते हुए कहा कि यह युवाओं के उभार का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मिला जनमत है। उन्होंने कहा कि लोग एक स्थायी सरकार और एक ऐसा प्रधानमंत्री चाहते हैं जो देश के बारे में सोचे।
भाजपा प्रवक्ता बलबीर पुंज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "जो भी फैसला होगा, हम उसे कबूल करेंगे।" उन्होंने कहा कि भाजपा ने गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा ने कहा, "हमें आत्ममंथन करने की जरूरत है।"
कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अपार सफलता के संकेत मिल रहे हैं। उधर कर्नाटक और बिहार में भाजपा और उसके सहयोगी आगे चल रहे हैं। हिमाचल में भी भाजपा को कामयाबी मिलने की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की कुछ सीटे कांग्रेस की झोली में जाती दिखाई दे रही हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रदर्शन काफी खराब दिखाई दे रहा है।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस एक सीट जीत चुकी है जबकि 192 पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा भी एक सीट जीतकर 115 पर आगे चल रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद)पांच सीटों पर, बसपा 29 सीटों पर, समाजवादी पार्टी 22 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस 13, जनता दल यूनाइटेड 17 सीटों, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम 18, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी 18 सीटों पर आगे चल रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 11 और बीजू जनता दल 14 पर बढ़त बनाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications