स्वात में सैन्य अभियान के बाद राजनीतिक समाधान जरूरी : गिलानी
इस्लामाबाद, 15 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने शुक्रवार को कहा कि देश के अशांत उत्तर पश्चिम हिस्से में तालिबान आतंकियों के सफाए के लिए शुरू किए गए सैन्य अभियान की समाप्ति के बाद वहां शांति बहाली के लिए एक राजनीतिक समाधान की जरूरत होगी।
गिलानी ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा, "स्थिति सामान्य नहीं है। आतंकी हमारे सामाजिक ताने-बाने के लिए चुनौती बन गए हैं।"
गिलानी ने कहा, "बंद कमरे में यह बैठक इसलिए आयोजित की गई है ताकि देश के राजनीतिक नेतृत्व को स्वात की वास्तविक स्थिति और उसके जवाब में शुरू की गई सैन्य कार्रवाई पर भरोसे में लिया जा सके।"
गिलानी के अनुसार सेना आतंकियों के पूर्ण सफाए की कोशिश कर रही है और अपनी कोशिश में पूरे समर्पण और पेशेवर अंदाज के साथ आगे बढ़ रही है।
सेना की ओर से शुक्रवार को स्वात में और अधिक सफलता हासिल करने का दावा किया गया है। सेना ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान उसने 55 तालिबान आतंकियों को मार गिराया है। इस तरह उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत के तीन जिलों में अब तक मारे गए तालिबान आंतकियों की संख्या 1,000 के आसपास हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications